ई-कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक विकसित करेगी नियो सीकरमेटल्स, 10 करोड़ की सहायता मंजूर

WhatsApp Channel Join Now
ई-कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक विकसित करेगी नियो सीकरमेटल्स, 10 करोड़ की सहायता मंजूर


ई-कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक विकसित करेगी नियो सीकरमेटल्स, 10 करोड़ की सहायता मंजूर


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक को व्यावसायिक स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने हैदराबाद की कंपनी नियो सीकरमेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। अनुसंधान, विकास एवं नवाचार (आरडीआई) कोष के तहत इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर की गई है। पूरी परियोजना की लागत 20 करोड़ रुपये है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसार यह समझौता ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे के पुनर्चक्रण से महत्वपूर्ण धातुएं निकालने की स्वदेशी तकनीक के विकास और व्यावसायीकरण में मदद करेगा। इसके तहत कंपनी को वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋण (ओसीडी) के माध्यम से वित्तीय सहायता दी जाएगी।

कंपनी ने ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे के पुनर्चक्रण के लिए एक एकीकृत और पेटेंट प्राप्त प्रक्रिया विकसित की है। इसके माध्यम से इन कचरों से मूल्यवान धातुओं और बैटरी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को वापस प्राप्त करने का लक्ष्य है। इससे बेकार समझी जाने वाली सामग्री का दोबारा उपयोग किया जा सकेगा।

परियोजना के तहत तकनीक को प्रौद्योगिकी तैयारी स्तर (टीआरएल)-5 से टीआरएल-9 तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे इसे व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल के लिए तैयार किया जा सकेगा। यह पहल महत्वपूर्ण खनिजों और धातुओं की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के साथ पुनर्चक्रण आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी।

प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड के सचिव राजेश कुमार पाठक ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकियों की दिशा में भारत की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित और टिकाऊ उपलब्धता जरूरी है। ई-कचरे एवं उपयोग की अवधि पूरी कर चुकी बैटरियों से इन संसाधनों को वापस प्राप्त करने की स्वदेशी क्षमता विकसित करना इस दिशा में महत्वपूर्ण है। आरडीआई कोष के माध्यम से बोर्ड ऐसी तकनीकों को सहायता दे रहा है, जो कचरे को मूल्यवान संसाधनों में बदल सकती हैं।

नियो सीकरमेटल्स के अधिकृत प्रतिनिधि ने कहा कि टीडीबी की सहायता से कंपनी अपनी तकनीक को व्यावसायिक इस्तेमाल के स्तर तक ले जा सकेगी। कंपनी का लक्ष्य ई-कचरे और लिथियम-आयन बैटरी के कचरे से महत्वपूर्ण और मूल्यवान सामग्री प्राप्त करने की प्रभावी तथा टिकाऊ प्रक्रिया विकसित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story