पंजाब के मुख्यमंत्री पर भाजपा ने लगाया राष्ट्र विरोधी ताकतों के संरक्षण का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के मुख्यमंत्री पर भाजपा ने लगाया राष्ट्र विरोधी ताकतों के संरक्षण का आरोप


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन पर राष्ट्र विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

तरुण चुघ ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पंजाब धमाकों में भगवंत मान ने भाजपा पर आरोप मढ़ कर उन्होंने मुख्यमंत्री पद की गरिमा को तार-तार कर दिया। बिना किसी सबूत के भाजपा पर बम धमाकों का आरोप लगा कर झूठी जानकारी फैलाना आपराधिक श्रेणी में आता है। चुग ने कहा कि भगवंत मान का बयान उनके अपने पुलिस महानिदेशक के बयान के विपरीत है। जहां पंजाब पुलिस आईएसआई और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की बात कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री राजनीतिक एजेंडा चलाने में व्यस्त हैं। सवाल साफ है- मुख्यमंत्री पंजाब की सुरक्षा कर रहे हैं या राष्ट्रविरोधी ताकतों को राजनीतिक कवर दे रहे हैं?

उन्होंने कहा कि भगवंत मान का यह बयान न केवल मानहानिकारक है बल्कि बेहद खतरनाक भी है। ऐसे गैर-जिम्मेदार आरोप पंजाब में भ्रम, अविश्वास और सामाजिक अशांति पैदा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री को राजनीतिक लाभ के लिए सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 7 दिनों के भीतर भगवंत मान बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story