पेराई सीजन सिर पर लेकिन न दाम घोषित हुआ, न लंबित भुगतानों पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट की: तरुण चुग

WhatsApp Channel Join Now
पेराई सीजन सिर पर लेकिन न दाम घोषित हुआ, न लंबित भुगतानों पर सरकार ने स्थिति स्पष्ट की: तरुण चुग


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गन्ना किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पेराई सीजन शुरू होने जा रहा है लेकिन सरकार ने अबतक वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य घोषित नहीं किया है। किसानों के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी सरकार की चुप्पी समझ से परे है।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत में तरुण

चुग ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने किसानों को देश में सबसे अधिक गन्ना मूल्य देने का आश्वासन दिया था लेकिन हरियाणा सरकार अपना नया मूल्य घोषित कर चुकी है और पंजाब के किसान अपनी ही सरकार से जवाब मांग रहे हैं। पंजाब का पिछला राज्य परामर्श मूल्य घोषित 416 रुपये प्रति क्विंटल था। सवाल यह है कि किसानों से बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार नए पेराई सीजन से पहले मूल्य घोषित करने में देरी क्यों कर रही है?

चुग ने कहा कि गन्ना किसानों के पिछले पेराई सीजन के लगभग 7 करोड़ रुपये के भुगतान लंबित बताए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त फगवाड़ा की चीनी मिल से जुड़े लगभग 27.74 करोड़ रुपये के पुराने बकाये का मामला भी किसानों की परेशानी बढ़ा रहा है। जनवरी 2026 में 68.50 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देने की घोषणा करने वाली सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कितने किसानों को वास्तव में इसका भुगतान किया गया है और कितनी राशि अभी लंबित है।

चुग ने मांग की कि पंजाब सरकार बिना किसी और देरी के 2026-27 का गन्ना राज्य परामर्श मूल्य घोषित करे, सभी लंबित भुगतानों की स्थिति सार्वजनिक करे और किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान सुनिश्चित करे। पंजाब के किसानों को अब घोषणाएं और आश्वासन नहीं बल्कि जवाबदेही और ठोस कार्रवाई चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story