राहुल गांधी की राजनीति विदेशी समर्थन जुटाने तक सिमटी: तरुण चुग

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी की राजनीति विदेशी समर्थन जुटाने तक सिमटी: तरुण चुग


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)।

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने हैदराबाद में आयोजित समिट के घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस नेता की राजनीति अब विदेशी दर्शकों के सामने भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक व्यवस्था और राष्ट्रीय छवि को बदनाम करके अपने राजनीतिक आरोपों के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने तक सिमट गई है।

उन्होंने कहा कि भारत समिट के नाम पर कांग्रेस ने एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन को अपनी राजनीतिक हताशा प्रदर्शित करने और भारत की लोकतांत्रिक विश्वसनीयता पर हमला करने का मंच बना दिया है।

चुग ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत को ऐसा देश बताने का प्रयास करना, जहां लोकतंत्र अस्तित्व में नहीं है, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटनाक्रम की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने भारत समिट के मंच से कांग्रेस का नारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' दोहराया और राहुल गांधी तथा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को हंसते और तालियां बजाते देखा गया।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिल्कुल सही सवाल उठाया कि जब कोई विदेशी व्यक्ति भारत का अपमान करता है, तो उस पर हंसी किस बात की आती है?

चुग ने सवाल किया कि क्या भारत के चुनाव, निर्वाचन आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों से समर्थन जुटाना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति बन गया है? उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया का फैसला देश की जनता करेगी, किसी विदेशी राजनीतिक संगठन के प्रतिनिधि नहीं।

चुग ने कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। यदि उन्हें वास्तव में जनता का विश्वास जीतना है, तो विदेशी मंचों पर भारत के खिलाफ नैरेटिव गढ़ने के बजाय देश के गांवों में जाकर किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के बीच काम करना चाहिए। भारत का लोकतंत्र विदेशी नेताओं के राजनीतिक समर्थन से नहीं, बल्कि देश की जनता के जनादेश से मजबूत होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story