केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से तरुण चुग ने की मुलाकात, पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से तरुण चुग ने की मुलाकात, पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताई चिंता


नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव तरुण चुग ने शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से नई दिल्ली में मुलाकात कर पंजाब की स्वास्थ्य व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके देशभर में करोड़ों लोगों के जीवन पर पड़े सकारात्मक प्रभाव पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में तरुण चुग ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की प्रशासनिक विफलताओं और गलत प्राथमिकताओं के कारण राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था गंभीर संकट का सामना कर रही है।

चुग ने कहा कि पंजाब के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रभावी सुधार के लिए जवाबदेह और पारदर्शी प्रशासन जरूरी है।

भाजपा महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पारदर्शी सुशासन और समावेशी विकास के अपने संकल्प के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के हर वर्ग तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story