पंजाब के तरनतारन में तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर में चार की मौत, 21 घायल

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के तरनतारन में तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर में चार की मौत, 21 घायल


पंजाब के तरनतारन में तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर में चार की मौत, 21 घायल


- मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में दूसरी बस से टकराई तीर्थ यात्रियों की बस

- हादसे में 21 यात्री घायल, चार की हालत गंभीर

तरनतारन, 14 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर नौशहरा पन्नूआं के पास तीर्थयात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार के लिए अमृतसर भेजा गया है। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। दोनों बसें पंजाब सरकार की तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थीं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार शाम करीब चार बजे हुआ। एक बस फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को लेकर अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब के दर्शन करवाने गई थी और वापस लौट रही थी। इस बस में 37 श्रद्धालु सवार थे। वहीं, दूसरी बस हरिके से करीब 50 श्रद्धालुओं को लेकर अमृतसर जा रही थी।

नौशहरा पन्नूआं के पास अचानक एक मोटरसाइकिल सवार बस के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बसों में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालना शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बसों की टक्कर के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तरनतारन के सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने सिविल अस्पताल में आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी। सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया और चिकित्सकों को तत्काल अस्पताल बुलाया गया। डॉ. मुमताज ने बताया कि अस्पताल में चार मृतकों के शव लाए गए हैं। इसके अलावा 12 पुरुषों और नौ महिलाओं को उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। इनमें से चार गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए अमृतसर भेजा गया है।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान रास्ते में यातायात जाम लग गया, जिसमें तीन एंबुलेंस भी फंस गईं। तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरिंदर कुमार लांबा ने हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story