तमिलनाडु सरकार ने न्यायपालिका और हिंदू आस्था का अपमान किया : विहिप

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु सरकार ने न्यायपालिका और हिंदू आस्था का अपमान किया : विहिप


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने तमिलनाडु की टीवीके सरकार पर हिंदू आस्था और न्यायपालिका का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तिरुपरंकुंद्रम में भगवान मुरुगन की पवित्र पहाड़ी पर 'कार्तिगई महादीपम' महोत्सव के अवसर पर महादीप प्रज्ज्वलित नहीं होने देना सरकार की हठधर्मिता और न्यायालय के आदेश की अवहेलना है।

आलोक कुमार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा को रोकना भारतीय संविधान और न्यायपालिका का अपमान है। इससे भगवान मुरुगन के करोड़ों भक्तों की आस्था और विश्वास को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उच्चतम न्यायालय अपने आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए कठोर दंड सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु भगवान मुरुगन की पुण्यभूमि है। उन्हें तमिल भाषा और संस्कृति का शिल्पी भी माना जाता है। ऐसे आराध्य देव की पवित्र पहाड़ी पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादीप प्रज्ज्वलित करने से रोकने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

विहिप अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी को हिंदुओं के हत्यारों और जिहादी तत्वों से जोड़कर उसकी धार्मिक पहचान बदलने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान मुरुगन की पवित्र भूमि पर महादीप नहीं जलने देने के लिए सरकार जिस तरह का अड़ियल रवैया अपना रही है, उससे उसने भगवान मुरुगन के भक्तों से भी दुश्मनी मोल ले ली है।

आलोक कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना करना न्यायपालिका की सर्वोच्चता और संविधान को चुनौती देने जैसा है। किसी भी निर्वाचित सरकार को राजनीतिक हठधर्मिता के चलते न्यायालय के आदेशों को ठुकराने का अधिकार नहीं है। हिंदूद्रोही राजनीति और ऐसी मानसिकता देश की राजनीति से समाप्त होगी तथा तमिलनाडु से भी ऐसी राजनीति की जल्द विदाई होगी।

उल्लेखनीय है कि मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। पहाड़ी पर स्थित भगवान सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के पास एक दरगाह भी है। विवाद पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के दीप स्तंभ) पर दीप जलाने को लेकर है। मद्रास उच्च न्यायालय ने दिसंबर 2025 में दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। इसके बाद छह जनवरी 2026 को उच्च न्यायालय ने भी इस फैसले को बरकरार रखा। 20 नवंबर 2026 को उच्चतम न्यायालय ने इस वर्ष 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। इसके लिए मंदिर प्रशासन और सरकारी अधिकारियों की सीमित टीम को अधिकृत किया गया था। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि इस अंतरिम अनुमति से भविष्य के लिए कोई स्थायी धार्मिक परंपरा या अधिकार स्थापित नहीं होगा। दरगाह और मस्जिद में धार्मिक गतिविधियां भी निर्बाध जारी रखने का निर्देश दिया गया था। हालांकि 24 नवंबर को प्रशासन ने विवादित दीपथून के बजाय परंपरागत स्थान पर ही दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उच्चतम न्यायालय के आदेश के पालन को लेकर विवाद और बढ़ता हुआ दिख रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story