प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति के बीच बातचीत, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति के बीच बातचीत, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा की।

बातचीत में पश्चिम एशिया की स्थिति का विशेष रूप से जिक्र किया गया, जहां जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया के हित में समुद्री मार्गों को सुरक्षित और खुला रखना बेहद जरूरी है।

इसके साथ ही भारत और श्रीलंका के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने से जुड़ी विभिन्न पहलों की समीक्षा भी की गई। दोनों देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस बातचीत को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर पोस्ट भी किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, भारत अपनी ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘महासागर विजन’ के तहत क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर साझा चुनौतियों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दोनों नेताओं ने भविष्य में भी लगातार संपर्क में रहने और बदलते हालात पर समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति जताई।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story