दिल्ली में दो दिवसीय ताइवान फिल्म महोत्सव का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में दो दिवसीय ताइवान फिल्म महोत्सव का आगाज


दिल्ली में दो दिवसीय ताइवान फिल्म महोत्सव का आगाज


नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। ताइवान के सिनेमा, संस्कृति और सामाजिक जीवन से भारतीय दर्शकों को परिचित कराने के उद्देश्य से ताइवान फिल्म महोत्सव 2026 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। दिल्ली के त्रिवेणी कला संगम में आयोजित दो दिवसीय फिल्म महोत्सव में ताइवान की छह चुनिंदा फिल्में दिखाई जा रही हैं जिसमें ‘ए चिप ओडिसी’, ‘हीरो! हिटो!’, ‘बिफोर द ब्राइट डे’ और ‘डीप क्वाइट रूम’ प्रमुख रूप से शामिल हैं।

भारत में ताइवान के मुख्य प्रतिनिधि डॉ. मुमिन चेन ने बताया कि इस

वर्ष फिल्म महोत्सव में छह फिल्में शामिल की गई हैं। इनमें ‘हीरो! हिटो!’ नामक वृत्तचित्र खास आकर्षण है। यह फिल्म ताइवान की राष्ट्रीय बेसबॉल टीम के विश्व चैंपियनशिप जीतने के सफर पर आधारित है।

बेसबॉल ताइवान का राष्ट्रीय खेल है, ठीक उसी तरह जैसे भारत में क्रिकेट लोकप्रिय है। खेल एक सार्वभौमिक भाषा है, जो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को जोड़ती है।

उन्होंने भारतीय दर्शकों को यह वृत्तचित्र देखने की सलाह देते हुए कहा कि इसके माध्यम से वे ताइवान की खेल संस्कृति और वहां के लोगों की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। फिल्में भारत और ताइवान के बीच सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

डॉ चेन ने बताया कि इससे पहले ताइवान फिल्म महोत्सव का आयोजन केवल दिल्ली में होता था, लेकिन इस साल इसे मुंबई तक विस्तारित किया गया है। यह महोत्सव के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अगले वर्ष महोत्सव को केवल दिल्ली और मुंबई तक सीमित रखने के बजाय देश के दूसरे शहरों में भी आयोजित करने की योजना है। इसका उद्देश्य इसे बड़े राष्ट्रीय आयोजन के रूप में विकसित करना और अधिक से अधिक भारतीय दर्शकों तक ताइवान के सिनेमा को पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को मुंबई में ताइवान फिल्म फेस्टिवल के तहत तीन फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। अगले साल इसे देश के अन्य शहरों में भी आयोजित किया जाएगा।

भारत में ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के सांस्कृतिक प्रभाग की प्रमुख इसाबेल लिन ने कहा कि इस वर्ष की फिल्मों में डॉक्यूमेंट्री, ड्रामा, युवावस्था के अनुभवों, पारिवारिक संबंधों, लैंगिक विविधता, तकनीक और खेल संस्कृति जैसे व्यापक विषय शामिल हैं। इन फिल्मों के जरिए दर्शकों को ताइवान के तकनीकी विकास, खेल उपलब्धियों और सामाजिक जीवन से जुड़ी विविध कहानियां देखने को मिल रही हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story