स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जेवर एयरपोर्ट पहुंचे, यात्री टर्मिनल और कार्गो सुविधा का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जेवर एयरपोर्ट पहुंचे, यात्री टर्मिनल और कार्गो सुविधा का लिया जायजा


नोएडा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन भारत दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को 75 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (जेवर एयरपोर्ट) पहुंचे। उन्होंने हवाईअड्डा पर यात्री टर्मिनल और कार्गो सुविधा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हवाईअड्डा के निर्माण और संचालन से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से ली। ज्यूरिख कंपनी के प्रतिनिधि से भी उनकी बातचीत हुई। स्विट्जरलैंड राष्ट्रपति पांच से सात अक्टूबर तक भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं।

अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। उनके आगमन और प्रस्थान के समय यातायात डायवर्ट किया गया। उनकी सुरक्षा में करीब तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। राष्ट्रपति करीब 2 बजे तक एयरपोर्ट पर रहेंगे।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा का संचालन ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सहयोगी कंपनी कर रही है। हवाईअड्डे से दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का यह दौरा दोनों देशों के बीच विमानन क्षेत्र में सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति पार्मेलिन की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक और कारोबारी संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story