ढेर में से निकाल लेंगी मीठा खरबूजा...आजमाएं 2 उंगलियों के गैप वाला यह वायरल तरीका
भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है। इस मौसम में सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। गर्मियां बढ़ते ही शरीर में पानी की कमी होने लगती है। पानी की कमी को पूरा करने के लिए आपको मौसमी फलों का सेवन करना चाहिए। इस मौसम में खरबूजे बहुत मिलते हैं। खरबूजा सेहत के लिए बहुत अच्छा होता है। इसके सेवन से बॉडी हाइड्रेट रहती है। इसमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है।
कई बार बाजार से लोग खरबूजा खरीद तो लाते हैं, लेकिन वो मीठा नहीं होता। फीके खरबूजे खाना कोई पसंद नहीं करता। अगर आप बाजार से मीठे और पके हुए खरबूजे के फल खरीदकर लाना चाहते हैं, तो आपको सोशल मीडिया का वायरल ट्रिक ट्राई करनी चाहिए। 5 तरीकों से आप पके हुए रसीले खरबूजे खरीद सकते हैं। इन्हीं में से एक है 2 उंगलियों के गैप वाला तरीका। आइए जानें, बाजार से मीठा खरबूजा कैसे खरीदें?

2 उंगली के गैप वाला तरीका
सोशल मीडिया पर खरबूजा खरीदने के लिए 2 उंगली वाला तरीका वायरल है। इससे आप रसीला, मीठा और पका हुआ खरबूजा खरीद सकते हैं। इसके लिए आपको खरबूजा लेकर चेक करना है कि उसकी धारियों में 2 उंगली का गैप है या नहीं। जिन खरबूजों की धारियों में 2 उंगली का गैप होगा, वो सबसे पके हुए और मीठे फल होंगे। इससे आपको बिना काटे ही अच्छे फल मिल सकते हैं।
दबाकर करें चेक
दूसरे तरीके में आप खरबूजे को दबाकर ही पता लगा पाएंगे कि वह पका हुआ है या नहीं। इसके लिए आपको खरबूजे को हल्का का प्रेस करना है। अगर फल हल्का दब रहा है, तो वह खाने के लिए तैयार है। अगर वह बहुत ज्यादा दब रहा है, तो फल अंदर से सड़ा हुआ हो सकता है।
वजन से लगाएं पता
खरबूजा खरीदने से पहले उसे उठाकर देखें। अगर फल उठाने में हल्का लग रहा है, तो मतलब वह पक चुका है। पके हुए खरबूजे में बीज भी कम होते हैं। अगर खरबूजा ज्यादा भारी है, तो वह कच्चा हो सकता है। उसे ना खरीदें।

भूरे जाल की करें जांच
खरबूज पर बने भूरे जाल से आप उसकी कंडीशन का पता लगा सकते हैं। अगर खरबूजे पर भूरे जाल हैं, तो वह पका हुआ है। आप उसके कलर से भी फल का पता लगा सकते हैं। अगर उसका रंग गहरा है, तो वह पका हुआ है। अगर खरबूजा चिकना और हरे रंग का है, तो वह कच्चा हो सकता है।

