राष्ट्रपति मुर्मु देशभर के स्वच्छ सर्वेक्षण के विजेताओं को बुधवार को करेंगी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति मुर्मु देशभर के स्वच्छ सर्वेक्षण के विजेताओं को बुधवार को करेंगी सम्मानित


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार (11 नवंबर) को यहां विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस दौरान देश के सबसे स्वच्छ शहरों के साथ स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्यमंत्री तोखन साहू मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय आवस एवं शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार स्वच्छ सर्वेक्षण का दसवां संस्करण ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ विषय पर आयोजित किया गया। वर्ष 2016 में 73 शहरी निकायों से शुरू हुआ यह सर्वेक्षण अब 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है।

इस बार शहरी स्थानीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 मानकों पर किया गया। इनमें कचरा प्रबंधन, दिखाई देने वाली स्वच्छता, स्वच्छता सुविधाएं, इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया शामिल हैं। देशभर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने जीपीएस आधारित निगरानी के साथ स्थलीय आकलन किया।

मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 70 मार्गदर्शक शहरों और 191 सहयोगी शहरों की स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के प्रदर्शन को भी सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से सहयोगी शहरों में दिखाई देने वाली स्वच्छता का स्तर 48 से बढ़कर 70 प्रतिशत और घर-घर कचरा संग्रह 52 से बढ़कर 74 प्रतिशत हो गया है। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण भी 16 से बढ़कर 30 प्रतिशत हुआ है। इसके अलावा स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच 11 से बढ़कर 38 प्रतिशत, इस्तेमाल किए गए पानी का प्रबंधन 32 से बढ़कर 53 प्रतिशत और स्वच्छता के प्रति जागरूकता 48 से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story