मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिले आरपी-संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष, बंगाल में निवेश और औद्योगिक विकास पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिले आरपी-संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष, बंगाल में निवेश और औद्योगिक विकास पर हुई चर्चा


कोलकाता, 09 जुलाई (हि.स.)। आरपी-संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष डॉ. संजीव गोयनका ने गुरुवार को राज्य सचिवालय नवान्न में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश बढ़ाने, रोजगार सृजन और पश्चिम बंगाल की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने विकसित बंगाल के साझा विजन पर विचार-विमर्श किया। चर्चा का केंद्र पश्चिम बंगाल की विकास यात्रा को नई गति देने, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने, निवेशकों का विश्वास बढ़ाने तथा सरकार एवं उद्योग जगत के बीच रचनात्मक साझेदारी को मजबूत बनाने पर रहा।

डॉ. संजीव गोयनका ने कहा कि पश्चिम बंगाल के पास प्रतिभा, समृद्ध इतिहास, मजबूत आधारभूत ढांचा और उद्यमशीलता की परंपरा है, जिससे राज्य एक बार फिर देश के प्रमुख विकास इंजनों में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निवेशकों का भरोसा और सरकार-उद्योग के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि गोयनका परिवार पिछले 220 वर्षों से पश्चिम बंगाल से गहराई से जुड़ा रहा है और बदलते आर्थिक दौर में भी राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर सृजित करता रहा है। आज संजीव गोयनका पूर्वी भारत के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं।

बैठक के बाद डॉ. संजीव गोयनका ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात सुखद रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विकसित बंगाल का विजन प्रेरणादायक और दूरदर्शी है। उनकी ऊर्जा, उत्साह और छोटी से छोटी बात पर ध्यान देने की कार्यशैली भी प्रभावित करने वाली है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के औद्योगिक विकास, अधिक निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन और राज्य की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई तथा वह इस साझा विकास यात्रा में योगदान देने के लिए उत्सुक हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story