सूर्योदय की राह पर दुनिया भर में लहराया तिरंगा, ‘सूर्यपथ तिरंगा’ ग्लोबल रिले की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
सूर्योदय की राह पर दुनिया भर में लहराया तिरंगा, ‘सूर्यपथ तिरंगा’ ग्लोबल रिले की शुरुआत


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे ने सूर्योदय की राह का अनुसरण करते हुए दुनिया का सफर तय किया। संस्कृति मंत्रालय की ओर से शुरू किए गए ‘सूर्यपथ तिरंगा’ ग्लोबल रिले के तहत दुनिया के अलग-अलग समय क्षेत्रों में स्थित भारतीय मिशनों और पोस्ट पर क्रमवार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि यह वैश्विक रिले भारतीय समयानुसार शनिवार तड़के 1:30 बजे से सुबह 10:30 बजे तक चली। इस दौरान पूर्व से पश्चिम की ओर अलग-अलग देशों में स्थित 21 भारतीय मिशनों और पोस्ट पर तिरंगा फहराया गया। इस पहल के जरिए सूरज की पहली किरण के साथ दुनिया के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक तिरंगे की यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया।

‘सूर्यपथ तिरंगा’ के तहत निर्धारित भारतीय मिशनों और पोस्ट पर स्थानीय समय के अनुसार सूर्योदय के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। एक स्थान पर ध्वजारोहण के बाद अगले पश्चिमी मिशन या पोस्ट पर तिरंगा फहराया गया। इस तरह समय क्षेत्रों के अंतर के बीच तिरंगे की एक निरंतर वैश्विक यात्रा का दृश्य सामने आया।

मंत्रालय के अनुसार, यह पहल ‘हर घर तिरंगा 2026’ समारोह का हिस्सा है। इसका उद्देश्य भारत के स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को भौगोलिक सीमाओं से आगे ले जाना और दुनिया भर में रह रहे भारतीयों तथा भारत के मित्रों को राष्ट्रीय ध्वज के माध्यम से एक साझा भावना से जोड़ना है।

मंत्रालय ने कहा कि ‘सूर्यपथ तिरंगा’ भारत की एकता, देशभक्ति और वैश्विक उपस्थिति का प्रतीक है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में स्थित भारतीय मिशन और पोस्ट इस पहल में राष्ट्रीय भावना के दूत के रूप में शामिल हुए।

इस पहल में सूर्योदय और समय क्षेत्रों के क्रम को तिरंगे की यात्रा के साथ जोड़ा गया है। पूर्वी हिस्से में दिन की पहली रोशनी के साथ शुरू होने वाली यह यात्रा पश्चिम की ओर बढ़ती है और इसके जरिए विकसित भारत, राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश दुनिया भर तक पहुंचाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story