साइबर ठगी के 113 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा, सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी के 113 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा, सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार


सूरजपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों से जुड़ी साइबर ठगी के मामले में सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज रविवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में संचालित एक बैंक खाते के माध्यम से 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। पुलिस के अनुसार, इस खाते से जुड़े लोगों ने कमीशन के रूप में लाखों रुपये हासिल किए थे। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

पुलिस को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के संयुक्त साइबर अपराध समन्वय टीम प्रबंधन सूचना प्रणाली (जेसीसीटीएमएस) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंकों के संदिग्ध खातों की जानकारी मिली थी। इसकी जांच के दौरान सूरजपुर के एक बैंक खाते से बड़े पैमाने पर साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला। यह खाता डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नामक संस्था के नाम पर भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में खोला गया था। पुलिस जांच में देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी की भूमिका सामने आई।

बैंक खाते से संबंधित केवाईसी और अन्य विवरणों की जांच करने पर पता चला कि देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने इस खाते के संबंध में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों से जुड़े कुल 1,13,32,09,604 रुपये के लेनदेन का विवरण सामने आया। इसके बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस जांच के अनुसार, 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इसमें से 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त किए गए थे। पुलिस का कहना है कि इस रकम को निकालने में जिशान रजा की भूमिका थी। उसने चेक और एटीएम के माध्यम से बैंक से राशि निकाली थी।

जांच में कमीशन की रकम के बंटवारे का भी पता चला। पुलिस के अनुसार, इसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये और जिशान रजा को 2.5 लाख रुपये मिले थे। आरोपितों ने इस रकम को खर्च करना बताया है। इस मामले में पुलिस पहले ही देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत कर चुकी है।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की टीम आरोपितों की पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अमन पासवान (32), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर और जिशान रजा (30), निवासी नावापारा, सूरजपुर को पकड़ा।

पूछताछ के दौरान दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश कर रही है। साथ ही बैंक खातों के माध्यम से हुए लेनदेन और साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story