मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए चलेगी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए चलेगी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन


नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने मुजफ्फरपुर जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल के बीच सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 05219/05220 का संचालन 11 सितंबर से 28 नवंबर तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने सोमवार को बताया कि गाड़ी संख्या 05219 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन से प्रत्येक शुक्रवार को 11 सितंबर से 27 नवंबर तक चलेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 05220 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर विशेष एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को 12 सितंबर से 28 नवंबर तक संचालित होगी। दोनों दिशाओं में कुल 12-12 फेरे लगाए जाएंगे।

गाड़ी संख्या 05219 मुजफ्फरपुर जंक्शन से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर हाजीपुर जंक्शन, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन, गोविंदपुरी और टूंडला जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 05220 आनंद विहार टर्मिनल से दोपहर 12 बजे रवाना होगी और टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर और हाजीपुर जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 9:45 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, यात्रियों को ट्रेन के विस्तृत समय, ठहराव और आरक्षण की स्थिति की जानकारी के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) का उपयोग करने अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story