सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली/ मुंबई, 06 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया।

जबसे उन्होंने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री का पद संभाला है, तभी से सांसद के रूप में उनके इस्तीफे की चर्चा चल रही थी। हाल ही में हुए उप चुनाव में उन्होंने बारामती से रिकॉर्ड अंतर के साथ विधानसभा चुनाव जीता। विधायक निर्वाचित हो जाने के बाद उन्होंने राज्यसभा के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उल्लेखनीय है कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राज्य के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उप मुख्यमंत्री मनोनीत किया गया था।

नियमानुसार, किसी भी दो सदन के लिए चुने गए व्यक्ति को 14 दिनों के भीतर किसी एक सदन से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है। इसलिए विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होते ही उन्होंने अपने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा सदस्य के तौर पर सुनेत्रा पवार का कार्यकाल अभी भी दो साल शेष है। अब यह देखा जाना बाकी है कि उनके द्वारा रिक्त किए गए स्थान पर किसे शामिल किया जाएगा। जल्द ही सुनेत्रा पवार द्वारा खाली की गई राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा की जाएगी। इस बीच सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से पहले ही उनके बेटे पार्थ पवार भी सांसद बन गए हैं। पिछले महीने ही पार्थ पवार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुधांशु जोशी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story