बाल्यकाल स्वयंसेवक, जनसंघ से सीखी राजनीति, जाने कौन हैं मोदी गवर्नमेंट 3.0 में राज्य मंत्री बनाए गए बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार

WhatsApp Channel Join Now

कोलकाता, 09 जून (हि.स.)। नरेन्द्र मोदी की तीसरी सरकार में पश्चिम बंगाल से दो लोगों को राज्यमंत्री बनाया गया है। इनमें से एक तो शांतनु ठाकुर हैं जो पहले भी राज्यमंत्री रहे हैं। दूसरे बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भी पहली बार नरेन्द्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह मिली है। एनडीए सरकार में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है।

स्वयंसेवक रहे हैं सुकांत मजूमदार

बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बेहद खास रहे हैं। वह बालूरघाट के स्वयंसेवक रहे हैं और लंबे समय से संघ में सेवा देते रहे हैं। सुकांत मजूमदार को बीजेपी ने 20 सितंबर 2021 को पश्चिम बंगाल का अध्यक्ष बनाया था। उनसे पहले दिलीप घोष बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष थे। ये पहली बार था जब बीजेपी ने अपना अध्यक्ष उत्तर बंगाल से आने वाले नेता को बनाया था। मजूमदार लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। 2019 में बलूरघाट सीट से पहला चुनाव जीता था तब उन्होंने टीएमसी की अर्पिता घोष को 33 हजार 293 वोटों से हराया था। 2019 की तुलना में 2024 में उनकी जीत का अंतर थोड़ा छोटा रहा। इस बार उन्होंने तृणमूल के बिप्लब मित्रा को 10 हजार 386 वोटों से हराया है।

जनसंघ के नेता से सीखी है राजनीति

29 दिसंबर 1979 में जन्मे सुकांत मजूमदार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष रह चुके गुरु देवी दास चौधरी उनके राजनीतिक गुरु रहे हैं। देवी दास चौधरी ने ही उन्हें संघ के स्वयंसेवक के रूप में तैयार किया था। मजूमदार के राजनीति में आने की वजह भी देवी दास चौधरी ही हैं। उनके पिता सुशांत कुमार मजूमदार एक सरकारी कर्मचारी थे और उनकी मां निबेदिता मजूमदार प्राथमिक स्कूल में टीचर थीं।

सुकांत मजूमदार की स्कूली पढ़ाई दक्षिण दिनाजपुर जिले के खादिमपुर हाई स्कूल से हुई है और उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान में पीएचडी की है। मजूमदार ने चुनाव आयोग को दिए एफिडेविट में अपने पास 1.24 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति होने की बात बताई है। उनके खिलाफ 16 क्रिमिनल केस दर्ज हैं। उन्होंने कोयल चौधरी से शादी की है और उनकी एक बेटी भी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/आकाश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story