फिर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे केजरीवालः सुधांशु त्रिवेदी
नई दिल्ली, 4 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने मंगलवार को कहा कि ई-20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने पुराने अंदाज में फिर सरकार पर बेतुके और बिना आधार के आरोप लगा रहे हैं।डॉ. त्रिवेदी ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि केजरीवाल खुद को बहुत पढ़ा-लिखा नेता और आईआईटी ग्रेजुएट बताते हैं, फिर भी उन्हें गंभीर मुद्दों पर बिना किसी ठोस आधार के बोलने की आदत है।त्रिवेदी ने कहा, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने चीर परचित अंदाज में राजनीतिक नाकामियों का बोझ लिए, एक बार फिर कुछ समर्थकों के साथ अपना वही पुराना ड्रामा करते दिखे।”उन्होंने कहा, मैं सबको याद दिलाना चाहता हूं कि कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने सवाल उठाया था कि वैक्सीन का फ़ॉर्मूला सबके साथ क्यों शेयर नहीं किया जा रहा है। यह एक आईआईटी ग्रेजुएट का बयान था। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गौर करने वाली बात यह है कि वे मेकैनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट हैं। इसके बावजूद ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर बिना किसी शोध या ठोस सबूत के दावे किए और एक बार फिर कुछ लोगों के साथ नाटकबाजी की। उनका यह रवैया बताता है कि वे एक बार फिर आम जनता में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उनसे ये अपेक्षा करता था कि अगर वे इंजीनियर हैं तो उन्हें इसके तकनीकी पक्ष पर बात करना चाहिए न कि बिना आधार के आरोप लगाना चाहिए।उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने आज ई-20 (एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक अपने कुछ समर्थकों के साथ मार्च निकाला, जिसे दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर ही रोक लिया। प्रधानमंत्री आवास तक मार्च के दौरान केजरीवाल ने कहा, ''आज हम दो लाख से ज्यादा याचिका लेकर प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं, उनसे निवेदन करने कि वो ऐसा न करें। हमारे साथ 100 ऐसे लोग हैं जिनकी गाड़ियां ई20 ने खराब कर दीं। उम्मीद है प्रधानमंत्री जी जनता की आवाज जरूर सुनेंगे।''----------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

