गौमूत्र को लेकर कांग्रेस के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार, बोले- अमेरिका में हैं अंतरराष्ट्रीय पेटेंट

WhatsApp Channel Join Now
गौमूत्र को लेकर कांग्रेस के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार, बोले- अमेरिका में हैं अंतरराष्ट्रीय पेटेंट


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने से जुड़े सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर राज्य सभा में हुई चर्चा के दौरान गौमूत्र का मुद्दा भी राजनीतिक बहस का विषय बन गया। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पेपर लीक प्रिवेंशन बिल और नीट जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस ने बिना किसी कारण गौमूत्र का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अवसर मिलते ही हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति का अपमान करने का प्रयास करता है।

भाजपा सांसद ने दावा किया कि गौमूत्र के औषधीय गुणों को लेकर अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं। उन्होंने कहा मैकाले और मार्क्स का मल जिनके दिमाग़ में भरा है उन्हें पता होना चाहिए कि यूएस पेटेंट 6410059 और यूएस पेटेंट 6896907 में गौमूत्र डिस्टिलेट (आसव) के ऐसे फार्मास्यूटिकल उपयोगों का उल्लेख है, जिनमें एंटीबायोटिक, एंटी-फंगल और कैंसर रोधी दवाओं की प्रभावशीलता तथा शरीर में उनके अवशोषण को बढ़ाने की बात कही गई है। उन्होंने इसे 'बायो-एन्हांसर' के रूप में भी बताया।

त्रिवेदी ने यह भी कहा कि विज्ञान की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को तथ्यों के आधार पर इस विषय को समझना चाहिए और राजनीतिक बयानों के पीछे की मंशा को भी पहचानना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सुधांशु त्रिवेदी का यह बयान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा आईआईटी मद्रास के निदेशक वी. कामकोटी को गौमूत्र विशेषज्ञ कहे जाने के बाद आया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को गौमूत्र से आपत्ति है, उन्हें इसके वैज्ञानिक अध्ययनों और अंतरराष्ट्रीय पेटेंट की जानकारी होनी चाहिए।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story