गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर की कपड़ा मंत्रालय की योजनाओं की समीक्षा
नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को कपड़ा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में आजीविका सृजन, नवाचार, पारंपरिक हस्तशिल्प और वस्त्र उद्योग को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और प्रमुख पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि भारत के वस्त्र क्षेत्र की हर उपलब्धि के पीछे देश के लाखों किसान, बुनकर, कारीगर, श्रमिक, उद्यमी और निर्यातकों की मेहनत और समर्पण है। सरकार इन सभी के कल्याण तथा टेक्सटाइल उद्योग के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कपड़ा मंत्रालय के अनुसार, समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उनके परिणामों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्रालय का उद्देश्य योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के साथ-साथ वस्त्र उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी, नवाचार-आधारित और रोजगारोन्मुख बनाना है।
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि पारंपरिक बुनकरों और कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही टेक्सटाइल क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कपड़ा मंत्रालय का मानना है कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से वस्त्र उद्योग को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की पारंपरिक वस्त्र एवं हस्तशिल्प विरासत को भी मजबूती मिलेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

