राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 01 नवबंर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने रविवार को आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, पंजाब और तमिलनाडु के लोगों को उनके राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध परंपराओं के साथ, इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों की समृद्धि और कल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं देती हूं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इनमें से प्रत्येक राज्य अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और देश की प्रगति में दिए गए अमूल्य योगदान से समृद्ध है। ये राज्य विकास, समृद्धि और समावेशी प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहें और 'विकसित भारत' के विजन में अपना योगदान देते रहें।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के मेहनती और उद्यमशील लोगों ने भारत की प्रगति में उत्कृष्ट योगदान दिया है। विनिर्माण, ऑटोमोबाइल और कपड़ा से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा तथा उभरते उद्योगों तक, राज्य ने नवाचार, कौशल और औद्योगिक उत्कृष्टता के माध्यम से खुद को प्रतिष्ठित किया है। तमिलनाडु के लोग अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं पर बहुत गर्व करते हैं। तमिल संस्कृति ने देश की सभ्यता यात्रा को असंख्य तरीकों से समृद्ध किया है। यह अवसर आने वाले समय में तमिलनाडु के प्रत्येक व्यक्ति के लिए खुशियाँ, सफलता और नए अवसर लेकर आये। गौरवशाली इतिहास, अद्भुत वीरता और समृद्ध संस्कृति से सजा हरियाणा राज्य, देश का गौरव है। यहां की लोक परंपराएं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने हमेशा देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। हरियाणा के लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से कृषि, खेल एवं रक्षा सेवाओं से लेकर उद्योग, शिक्षा तथा स्टार्टअप्स तक अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को साबित किया है। यहां के खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं, तो वहीं अन्नदाता देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समृद्ध सभ्यतागत विरासत, जीवंत संस्कृति और परंपराओं से युक्त आंध्र प्रदेश तथा यहां के लोगों ने भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यहां के लोगों की कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और आकांक्षाएँ राज्य की विकास यात्रा को लगातार आकार दे रही हैं। आंध्र प्रदेश विकास, समृद्धि और अपने सभी लोगों के लिए नए अवसरों के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य और अपार मानवीय क्षमताओं से संपन्न केरल, भारत के गौरव को और बढ़ाता है। यह राज्य निरंतर प्रगति और समृद्धि की ओर आगे बढ़ता रहे। यहां के प्रतिभाशाली लोगों की कड़ी मेहनत, कौशल और समर्पण के दम पर, आंध्र प्रदेश न केवल समृद्धि की ओर आगे बढ़ा है, बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770327 Articles

Share this story