भारत मंडपम में महका बालाघाट का चिन्नौर चावल, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मिला मंच

WhatsApp Channel Join Now
भारत मंडपम में महका बालाघाट का चिन्नौर चावल, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मिला मंच


भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय 'भारत अंतरराष्ट्रीय चावल सम्मेलन 2026' (बीआईआरसी-2026) में मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के गौरव, जीआई टैग प्राप्त 'बालाघाट चिन्नौर' चावल ने अपनी विशेष पहचान दर्ज कराई है।

जनसंपर्क अधिकारी अवनीश सोमकुवर ने शनिवार को बताया कि 'एक जिला-एक उत्पाद' के तहत चयनित इस सुगंधित चावल का सम्मेलन में भव्य प्रदर्शन किया जा रहा है। 23 से 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) भोपाल एवं कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) के संयुक्त तत्वावधान में चिन्नौर चावल के प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष स्टॉल लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि इस वैश्विक आयोजन में बालाघाट जिले का प्रतिनिधित्व लालबर्रा चिन्नौर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कर रही है। एफपीओ के अध्यक्ष ईशुपाल चौहान एवं संचालक सदस्य राधेलाल पटले ने स्टॉल पर आए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चावल निर्यातकों, व्यापारियों और प्रतिनिधियों को चिन्नौर चावल की गुणवत्ता, प्राकृतिक सुगंध और इसके औषधीय व पारंपरिक महत्व से अवगत कराया।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस वैश्विक मंच के माध्यम से स्थानीय किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) को बड़े भारतीय निर्यातकों सहित विदेशी बायर्स के साथ सीधे बिजनेस-टू-बिजनेस संवाद करने का सुनहरा अवसर मिला है। इससे बालाघाट के जैविक और पारंपरिक रूप से उत्पादित चिन्नौर चावल को अंतर्राष्ट्रीय बाजार मिलने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, जिसका सीधा आर्थिक लाभ स्थानीय धान उत्पादक किसानों को मिलेगा।

गौरतलब है कि अपनी अनुपम खुशबू, पकाने के बाद की कोमलता और मिठास के लिए प्रसिद्ध चिन्नौर चावल को वर्ष 2021 में भौगोलिक उपदर्शन (जीआई टैग) मिला था। भारत मंडपम के इस बड़े मंच पर चिन्नौर के स्टॉल पर आने वाले आगंतुकों और निर्यातकों द्वारा इस अनोखे उत्पाद की जमकर सराहना की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story