सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के कार्यकाल की पुरानी यादें ताजा कीं और मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) तथा सूचना का अधिकार (आरटीआई) जैसे कानूनों के लागू होने से जुड़े अनुभव साझा किए।

सोनिया ने लालू से उनकी बेटी एवं सांसद मीसा भारती के आवास पर मुलाकात की। लालू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि सोनिया गांधी उनके आवास पर पहुंचीं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं।

लालू ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं। मनरेगा, आरटीई और आरटीआई जैसे कानूनों के माध्यम से देशवासियों को सशक्त बनाया गया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दिए जाने का भी उल्लेख किया।

इस मुलाकात पर तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के दो अनुभवी नेताओं की यह मुलाकात पारिवारिक और आत्मीय रही। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के सुख-दुख में मजबूती से साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए की विकास गाथा से जुड़े दोनों नेताओं के संघर्ष, संस्मरण, चिंतन और उपलब्धियों को सुनना तथा उनसे सीखना उनके लिए सौभाग्य की बात है। ऐसी मुलाकातों से प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में की गई मेहनत हमेशा सकारात्मक परिणाम देती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story