सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ का औपचारिक विमोचन, बोलीं- परिवार के बारे में कई झूठी बातें फैलाई गईं, सच सामने रखने के लिए लिखी किताब
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के औपचारिक विमोचन के अवसर पर कहा कि उनके परिवार के बारे में बहुत-सी ऐसी बातें फैलाई गईं, जिनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं था। लोगों के सामने अपनी बात और परिवार से जुड़े अनुभव रखने के लिए उन्होंने यह किताब लिखी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया। सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में इंदिरा गांधी से मिले संस्कारों, राजीव गांधी की राजनीति में आने को लेकर अपनी आशंकाओं, उनकी मृत्यु के बाद के अनुभवों और भारतीय महिलाओं के नए परिवार में स्वीकार किए जाने के संघर्ष पर भी बात की।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ का सोमवार को दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में औपचारिक विमोचन हुआ। कार्यक्रम में विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। वह पहली पंक्ति में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बीच बैठे दिखाई दिए।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी। बाद में उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी पार्टी बनाई। सितंबर 2022 में उनकी पार्टी का भाजपा में विलय हो गया था। ऐसे में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक हलकों में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के संदर्भ में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हुए।
इसके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, अशोक गहलोत, जनार्दन द्विवेदी और मोंटेक सिंह अहलूवालिया भी कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने कहा कि शुरुआत में उनके लिए किताब लिखना काफी मुश्किल था। उनके परिवार में सास, पति, बेटा, बेटी और खुद उनके बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन उसमें से ज्यादातर बातें सच्चाई से दूर थीं। उन्होंने कहा कि लोगों के आसपास कई कहानियां गढ़ दी जाती हैं और ऐसी बातें कही जाती हैं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं होता। इसलिए उन्होंने सोचा कि अपनी भावनाएं सामने रखने और अपने परिवार के बारे में जो कुछ जानती हैं, उसे साझा करने के लिए किताब लिखना एक तरीका हो सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़ने के सफर में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन लोगों ने उन्हें भरपूर प्यार दिया।
किताब के शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ का अर्थ बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि यह शब्द पूरी किताब में बार-बार आता है। यह एक नए परिवार और संस्कृति में स्वीकार किए जाने की कोशिशों और अनुभवों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति किसी नई जगह पर बाहरी होता है, तो उसे लगता है कि वह वहां के लोगों जैसा नहीं है और लोग उस पर नजर रख रहे हैं। उससे कोई गलती होने या गलत शब्द निकलने पर तुरंत ध्यान दिया जाता है। ऐसे में उस परिवार का हिस्सा बनने और वहां स्वीकार किए जाने की लगातार कोशिश करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यह अनुभव केवल इटली से भारत आई उनके जैसी महिला का नहीं है, बल्कि भारत की उन महिलाओं का भी है, जो शादी के बाद अपने ससुराल जाती हैं और वहां के नए रीति-रिवाजों तथा अपेक्षाओं के अनुसार खुद को ढालती हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि भले ही ऐसी महिलाएं समान पृष्ठभूमि से आती हों, फिर भी उन्हें नए घर के तौर-तरीकों को अपनाना पड़ता है। कई बार उनसे साफ तौर पर कहा जाता है कि उन्हें क्या करना है और कई बार बिना कहे भी उन्हें इसका अहसास हो जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाओं को भी नए परिवार में स्वीकार किए जाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है। इसी अनुभव को देखते हुए उन्होंने किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ रखा।
इंदिरा गांधी के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि वह उनसे बहुत प्रभावित थीं। इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था और उन्हें उनसे डर भी लगता था। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी से उन्होंने अनुशासन, समय की पाबंदी, साहस और दृढ़ संकल्प सीखा। सोनिया गांधी ने कहा कि किताब लिखते समय अपनी सास इंदिरा गांधी की हत्या और अपने पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़ी घटनाओं को याद करना उनके लिए मुश्किल था।
राजीव गांधी के राजनीति में आने के फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह इसके खिलाफ थीं। उन्हें लगता था कि राजनीति में आने के बाद राजीव बहुत व्यस्त हो जाएंगे और वह उन्हें खो देंगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की मृत्यु के बाद वह पूरी तरह टूट गई थीं और उनके बच्चों ने उन्हें संभाला।
अपनी आत्मकथा के लिए जीवन के अलग-अलग दौर की घटनाओं को याद रखने के सवाल पर सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने कभी डायरी नहीं लिखी। न तो बचपन और युवावस्था में और न ही अपने राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने डायरी रखी। उनके पास अपनी लिखावट में कुछ पुराने नोट्स हैं, जिनमें से तीन-चार या शायद पांच नोट उस समय के हैं, जब अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में वह लोकसभा में विपक्ष की नेता थीं। इसके अलावा उनके पास कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि किताब तैयार करने में इंटरनेट और अन्य उपलब्ध साधनों की भी मदद ली।
किताब को लेकर मिली आलोचनाओं और लोगों के स्नेह के बारे में पूछे जाने पर सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने इन सब पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ बातें जरूर देखीं। कुछ टिप्पणियां तीखी और बुरी थीं, जबकि कुछ बातें बहुत सच्ची थीं। लोगों ने वही कहा, जो वे सोचते हैं और जो उन्हें कहना चाहिए था या नहीं कहना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह अनुभव दिलचस्प रहा।
लंबे समय तक निजी जीवन को सार्वजनिक करने से बचने के बावजूद आत्मकथा लिखने के फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा कि उनके कई दोस्त लगातार उन्हें अपनी कहानी लिखने के लिए कहते थे। वे कहते थे कि बाहर से भारत आईं और यहां एक नए परिवार तथा माहौल में जीवन बिताने का उनका अनुभव दिलचस्प है। हालांकि, वह अपनी आंतरिक भावनाओं और चीजों, लोगों तथा जगहों के बारे में अपने विचार साझा करने में संकोच करती थीं। शुरुआत में उन्होंने इस सुझाव को टाल दिया, लेकिन बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और उनकी करीबी मित्र मंजुलिका दुबे के जोर देने पर वह इसके लिए तैयार हुईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

