(अपडेट) बालोद में सीवरेज पाइपलाइन कार्य के दौरान धंसी मिट्टी, महिला समेत तीन की मौत
बालोद, 12 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार शाम सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे तीन मजदूर नाली में दब गए। हादसे में तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला मजदूर भी शामिल है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
बताया जा रहा है कि दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड के सामने निर्माण कार्य के दौरान बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से खुदाई की जा रही थी। अचानक मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। हादसे में दबे तीनाें शव बरामद कर लिया गया है। हादसे के पीछे निर्माण कार्य में लापरवाही को वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

