फ्लाईदुबई घटना पर किरेन रिजिजू बोले भारतीय पायलट के साहस पर पूरे देश को गर्व

WhatsApp Channel Join Now
फ्लाईदुबई घटना पर किरेन रिजिजू बोले भारतीय पायलट के साहस पर पूरे देश को गर्व


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। फ्लाईदुबई घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पत्रकारों से बात के दौरान भारतीय मूल के पायलट स्मित मच्छार के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूरे भारतीय समाज की ओर से इस घटना पर अपनी भावना व्यक्त की है।

रिजिजू ने कहा कि जब भारतीय मूल के किसी पायलट ने अपनी जान जोखिम में डालकर असाधारण साहस दिखाया, तो पूरी दुनिया उसकी प्रशंसा कर रही है। ऐसे में भारतीय होने के नाते स्वाभाविक रूप से गर्व महसूस होता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भी कोई भारतीय कोई असाधारण काम करता है और दुनिया को यह दिखाता है कि भारतीय दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल सकते हैं, तो यह पूरे देश के लिए गर्व की बात होती है।

उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई घटना में पायलट द्वारा दिखाई गई हिम्मत और दूसरों की जान बचाने के लिए उठाया गया जोखिम भारतीयों की साहस और मानवीय भावना को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story