नीट प्रदर्शन के दौरान एके-47 से किसी को गोली नहीं लगी, केवल हवाई फायरिंग हुई : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 27 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हुई फायरिंग को लेकर फैली चर्चाओं के बीच सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्पष्ट किया है कि घटना में किसी भी व्यक्ति को एके-47 की गोली नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि मौके पर केवल हवाई फायरिंग की गई थी, जबकि घायल हुए तीनों प्रदर्शनकारी स्मॉल आर्म्स (छोटे हथियार) से लगी गोली से घायल हुए हैं। तीनों की हालत स्थिर है और उनमें से एक उपचार के बाद अस्पताल से घर लौट चुका है।

जिलाधिकारी ने बताया कि बिना अनुमति एके-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

डीएम ने कहा कि प्रशासन पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी सरकारी कर्मी द्वारा निर्धारित नियमों के विरुद्ध की गई कार्रवाई किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचें। केवल प्रशासन की ओर से जारी सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि जिले की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

इस बीच पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने भी वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे संबंधित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि संबंधित सिपाही को किसी प्रकार की फायरिंग का आदेश नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि उसे न तो हवाई फायरिंग करनी चाहिए थी और न ही उस परिस्थिति में एके-47 जैसे हथियार के साथ भीड़ के बीच जाना चाहिए था। यह आचरण स्थापित प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं था।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story