केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने सिक्किम में मत्स्य पालन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने सिक्किम में मत्स्य पालन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा


गंगटोक, 02 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री राजीव रंजन सिंह ने सोमवार को उत्तर सिक्किम के मंगन जिले का दौरा कर मत्स्य पालन और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मांगशिला स्थित थेगिम मार्ट में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत संचालित जीवित मछली बिक्री केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मत्स्य पालन को आजीविका के साधन के रूप में अपनाने और प्रत्येक परिवार को सजावटी मछलियों की बिक्री का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया।

केंद्रीय मंत्री ने सिक्किम सरकार के मत्स्य पालन विभाग को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने और इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने दो सहकारी समितियों से जुड़े 15 मछली पालक किसानों के बीच मछली का चारा वितरित किया। इसके माध्यम से उन्होंने किसानों को मत्स्य पालन गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने मंगन जिले के रामथांग स्थित आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र का भी दौरा किया। वहां उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इस दौरान जिले की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनीता भोटिया ने मंत्री को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. भोटिया ने मंत्री को सिक्किम की सिरि गाय की नस्ल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया। इस दौरान जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और स्थानीय स्तर पर संचालित सेवाओं से संबंधित विभिन्न जानकारियां साझा की गईं।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह आधिकारिक दौरे पर रविवार को सिक्किम पहुंचे थे। अपने दौरे के दौरान वह राज्य में मत्स्य पालन, पशुपालन और अन्य विकासात्मक गतिविधियों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770871 Articles

Share this story