राजस्थान के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की सीकर इकाई ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अयोध्या के साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपितों ने साइबर क्राइम थाने में दर्ज मामले में परिवादी के भाई का नाम हटाने की एवज में चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में उसके भाई के खिलाफ दर्ज मामले से उसका नाम हटाने के लिए पुलिसकर्मियों की ओर से रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के बाद 17 अगस्त को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान कांस्टेबल गौरव चारग ने परिवादी से चार लाख रुपये मांगे। बातचीत के बाद 2.80 लाख रुपये में रिश्वत लेना तय हुआ। मांग की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई की गई। एसीबी सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सुभाष मील की टीम ने कार्रवाई की।

ट्रैप के दौरान उप निरीक्षक यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल गौरव चारग की मौजूदगी में कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। इसके बाद एसीबी ने चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story