राजनीतिक गलियारों में चर्चा: श्रीकांत शिंदे को मिल सकता है केंद्र में मंत्री पद

WhatsApp Channel Join Now
राजनीतिक गलियारों में चर्चा: श्रीकांत शिंदे को मिल सकता है केंद्र में मंत्री पद


नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के इस्तीफा देने के बाद श्रीकांत शिंदे को राज्य मंत्री पद दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

श्रीकांत शिंदे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र हैं और वे कल्याण लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चर्चा की। पिछले कुछ दिनों में श्रीकांत शिंदे का राजनीतिक कद बढ़ा है। महाराष्ट्र में चलाए गए ‘ऑपरेशन टाइगर’ में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस अभियान के दौरान उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के 6 लोकसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर शिंदे गुट में शामिल होने का निर्णय लिया। इसके बाद लोकसभा में शिंदे गुट की ताकत बढ़कर 13 सांसदों तक पहुंच गई।

इस बीच, धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में हुए बड़े आंदोलन की पृष्ठभूमि में उन्होंने यह कदम उठाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को सौंप दिया गया है। इससे पहले, श्रीकांत शिंदे को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि श्रीकांत शिंदे को शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी नहीं मिलेगी।

इसी बीच, रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा सूत्रों के अनुसार, बिट्टू को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी जाने वाली है, जिसके कारण उन्होंने यह पद छोड़ा है। सूत्रों ने यह भी बताया कि रवनीत सिंह बिट्टू की जगह अब श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में नियुक्त किया जा सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Share this story