राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष ने दी जगन्नाथ रथयात्रा की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष ने दी जगन्नाथ रथयात्रा की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने आज एक्स पर लिखा, ''महाप्रभु की रथ यात्रा के इस पावन अवसर पर, मैं देश-विदेश में रहने वाले श्री जगन्नाथ के सभी भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। ऐसी मान्यता है कि इस पवित्र शोभा-यात्रा की महान परंपरा के दौरान, महाप्रभु श्री जगन्नाथ, चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ भक्तों से मिलते हैं। भक्तों और प्रभु के मिलन का यह भावपूर्ण क्षण अद्वितीय है। मेरी प्रार्थना है कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ की कृपा से हमारे देश और यहां के लोगों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि हो। जय जगन्नाथ!''

उपराष्ट्रपति ने कहा कि पवित्र रथ यात्रा आस्था, भक्ति, समानता और आपसी सद्भाव के मूल्यों को दर्शाती है और सभी मतभेदों से ऊपर उठकर लोगों को एक साथ लाती है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थायी आध्यात्मिक परंपराओं का एक जीवंत उत्सव है। महाप्रभु जगन्नाथ का दिव्य आशीर्वाद हमें सच्चाई और धर्म के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करे, हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत करे और पूरे देश में शांति और एकता को बढ़ावा दे।

ओम बिरला ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति की उस शाश्वत चेतना का एक दिव्य उत्सव है, जहां आस्था, आध्यात्मिकता और जन-कल्याण का अद्भुत संगम साकार रूप लेता है। यह केवल भक्ति और श्रद्धा का भव्य उत्सव ही नहीं, बल्कि हमारी सनातन सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है, जिसने युगों-युगों से लोगों के हृदय में आस्था, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संचार किया है। यह महान परंपरा हमें स्मरण कराती है कि जीवन का सार धर्म, कर्तव्य, विनम्रता और समर्पण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने में निहित है, और सच्ची साधना समाज व राष्ट्र के व्यापक कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित करना है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि विश्व-प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक है। मैं भगवान जगन्नाथ जी से सभी की खुशी, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि रथ यात्रा का यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लाए। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की कृपा आपके जीवन में खुशियाँ, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। जय जगन्नाथ!

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि रथयात्रा'' भारत की सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव की जीवंतता को स्पष्ट रूप से प्रकट करती है। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा की कृपा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शुभता लाए और हमारी सांस्कृतिक विरासत सदैव समृद्ध और अक्षुण्ण रहे। केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भगवान जगन्नाथ, उनके भ्राता बलभद्र और देवी सुभद्रा जी के रथों की यह दिव्य शोभायात्रा पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संचार करें, यही मंगल कामना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story