अल नीनो की चुनौती से निपटने को सभी जिलों के लिए आकस्मिक योजना तैयार: शिवराज

WhatsApp Channel Join Now
अल नीनो की चुनौती से निपटने को सभी जिलों के लिए आकस्मिक योजना तैयार: शिवराज


नई दिल्ली, 23 जून (हि.स)l केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश और दुनिया इस समय अल नीनो की चुनौती का सामना कर रहे हैं, जिसका असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। यह चिंता का विषय जरूर है, लेकिन सरकार हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

कृषि मंत्रालय में यहां मंगलवार को आयोजित बैठक में शिवराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार समस्याओं के आने का इंतजार नहीं करती, बल्कि पहले से रणनीति बनाकर तैयारी करती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों के हितों की रक्षा करना और संभावित आपदा को अवसर में बदलना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव को कम करने के लिए वैज्ञानिक प्रोटोकॉल और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार कार्य किया जा रहा है। दृष्टिकोण केवल प्रतिक्रिया देने वाला नहीं, बल्कि पहले से तैयारी करने वाला होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आईसीए आर क्रीड़ा ने देश के सभी जिलों के लिए अल नीनो से निपटने को लेकर कंटींजेंसी (आकस्मिक) प्लान तैयार कर लिए हैं। सरकार की प्राथमिकता इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर इन्हें तुरंत जमीन पर उतारा जा सके।

चौहान ने जिला प्रशासन, कलेक्टरों और संबंधित विभागों से इन योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि, जल संसाधन, ग्रामीण विकास और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कंटींजेंसी प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को किसी भी संभावित संकट से बचाया जा सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story