बंगाल में जूट किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, लखपति दीदियों से सीधा संवाद करेंगे शिवराज

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में जूट किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, लखपति दीदियों से सीधा संवाद करेंगे शिवराज


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13‑14 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान शिवराज सिंह वहां मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ कृषि और ग्रामीण विकास पर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे और जूट क्षेत्र के किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे।

शिवराज सिंह 13 जुलाई की शाम दिल्ली से कोलकाता पहुंचेंगे और सीधे मुख्यमंत्री आवास जाएंगे। रात्रिभोज के साथ होने वाली इस बैठक में खेती, किसानों की योजनाएं, ग्रामीण सड़कों, आवास और रोजगार जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य नेतृत्व साथ बैठेगा।

दूसरे दिन 14 जुलाई को नए सचिवालय भवन, कोलकाता में उच्चस्तरीय बैठक होगी।

शिवराज के साथ इस बैठक में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। केंद्र की ओर से कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय और आईसीएआर की टीम पीएम‑किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा, प्रधानमंत्री कृषि धन धान्य योजना, एमएसपी, विकसित भारत- जी राम जी, ग्रामीण सड़क और आवास तथा पंचायतों को मिलने वाले फंड के आगे के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

दोपहर बाद शिवराज सिंह बैरकपुर स्थित आईसीएआर‑सीआरआईजैफ पहुंचेंगे। यहां जूट क्षेत्र के किसान और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं जुटेंगी।

कृषि मंत्री चौहान संस्थान के वैज्ञानिक जूट की बेहतर किस्मों, आधुनिक रेटिंग, जल संरक्षण और प्रोसेसिंग‑मार्केटिंग की आसान तकनीकों की जानकारी देंगे। साथ ही महिलाओं के समूहों को जूट आधारित उत्पाद और वैल्यू एडिशन के माध्यम से छोटे उद्यम खड़े करने के तरीके बताए जाएंगे ताकि गांवों में आय और रोजगार दोनों बढ़ें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story