अंतरराष्ट्रीय एआई चैलेंज में मप्र के 11 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने बढ़ाया भारत का मान, 95 देशों के 16 हजार प्रतिभागियों में बने विजेता

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय एआई चैलेंज में मप्र के 11 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने बढ़ाया भारत का मान, 95 देशों के 16 हजार प्रतिभागियों में बने विजेता


शिवपुरी (मध्य प्रदेश), 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के ग्राम सिरसौद के 11 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने रूस में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चैलेंज-2026 में विजेता बनकर देश का गौरव बढ़ाया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 95 देशों के 16 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने 44 हजार से अधिक समाधान प्रस्तुत किए। सिद्धांत की सफलता भारतीय युवा प्रतिभाओं की तकनीकी क्षमता और नवाचार का उल्लेखनीय उदाहरण है।

भोपाल में रह रहे सिद्धांत नीखरा ने इस प्रतियोगिता को अपने अब तक के अनुभवों में सबसे बेहतरीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रतियोगिताओं में से एक बताया। उनके अनुसार, इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि समाधान अपलोड करने के बाद उसका परिणाम तुरंत देखा जा सकता था और उसमें लगातार सुधार करने का अवसर मिलता था। इस मंच के माध्यम से उन्हें रूस और चीन के प्रतिभागियों से मित्रता करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर भी मिला।

प्रतियोगिता के विजेताओं को एआई जर्नी सम्मेलन के दौरान रूस के प्रमुख बैंक एबीईआरबैंक के बोर्ड के प्रथम उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर वेद्याखिन ने सम्मानित किया। विजेता प्रतिभागियों को अगले साल 2027 में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ओलंपियाड में रूस की राष्ट्रीय टीम के लिए चयनित होने की पात्रता हासिल करने का अवसर भी मिलेगा।

एआई चैलेंज-2026 में प्रतिभागियों को केवल तकनीकी ज्ञान प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि वास्तविक जीवन और व्यावसायिक समस्याओं के समाधान तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने होमवर्क जांचने के लिए एआई असिस्टेंट विकसित किए। कंप्यूटर प्रोग्राम में सुरक्षा संबंधी कमजोरियां खोजीं तथा चिकित्सा दस्तावेजों की जांच करने वाले एआई समाधान तैयार किए। प्रतियोगिता में रूस के बरनौल निवासी 10 वर्षीय मैक्सिम याशिन सबसे कम उम्र के विजेता बने।

आयोजन की खास उपलब्धि यह भी रही कि शुरुआती स्तर की श्रेणी में लड़कियों की संख्या लड़कों से दोगुनी रही। व्यक्तिगत श्रेणियों में भी लड़कियों ने बहुमत के साथ भागीदारी की। मॉस्को की 16 वर्षीय विजेता विक्टोरिया कारपुखिना ने बताया कि उन्होंने इसी वर्ष वसंत ऋतु में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अध्ययन शुरू किया। विशेषज्ञों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से उनका आत्मविश्वास बढ़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785076 Articles

Share this story