पुणे : शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, रूबी अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
पुणे : शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, रूबी अस्पताल में भर्ती


पुणे, 02 नवंबर (हिं.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें खांसी और कमजोर की शिकायत थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

शरद पवार ने शनिवार, 31 अक्टूबर और रविवार, 01 नवंबर को सोलापुर जिले के माढा तालुका स्थित तुलशी गांव और पंढरपुर तालुका के दुधाली गांव का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने तुलशी गांव में सूखे की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन भी दिया था।

हालांकि, सोमवार को प्रस्तावित शरद पवार का सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा रद्द कर दिया गया था। पहले मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को दौरा रद्द होने की वजह बताया गया था। हालांकि, अब बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण यह दौरा रद्द किया गया था। इसके बाद पवार सोलापुर से पुणे पहुंचे, जहां तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रूबी अस्पताल में उनकी विभिन्न चिकित्सकीय जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि खांसी और कमजोरी की शिकायत के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी।

इस बीच, शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनकी सेहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खांसी की परेशानी के चलते उनके पिता को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी चिकित्सकीय जांच की जा रही है और फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर है। सुप्रिया सुले ने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने वाले सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

दिवाली के बाद सूखे की स्थिति का जायजा लेंगे पवार

दिवाली के बाद शरद पवार सोलापुर जिले के करमाला तालुका में सूखे की स्थिति का जायजा लेने वाले थे। हालांकि, बीती रात बारामती और भिगवण क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण यह दौरा रद्द किए जाने की जानकारी शरद पवार गुट के करमाला से विधायक नारायण पाटिल ने दी है। पाटिल ने बताया कि दिवाली के बाद शरद पवार निश्चित रूप से करमाला का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह शरद पवार से मुलाकात करने के बाद ही करमाला गए थे और दौरे की तैयारियां कर रहे थे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story