चिन्मय प्रभु की रिहाई के लिए शमिक भट्टाचार्य ने उठाई आवाज

WhatsApp Channel Join Now
चिन्मय प्रभु की रिहाई के लिए शमिक भट्टाचार्य ने उठाई आवाज


कोलकाता, 18 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की स्थिति और जेल में बंद हिंदू संन्यासी चिन्मय कृष्ण दास उर्फ चिन्मय प्रभु की रिहाई का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने चिन्मय प्रभु की रिहाई की मांग करते हुए उनके धार्मिक और सामाजिक कार्यों की तुलना श्री चैतन्य देव के कार्यों से की है। उन्होंने कहा कि चिन्मय प्रभु को लंबे समय तक जेल में रखना और उनके कार्यों को नकारना वास्तव में श्री चैतन्य देव की विचारधारा को नकारने जैसा है।

शमिक भट्टाचार्य ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां रहने वाले घोष, बोस, मित्रा, चकमा और मतुआ समुदाय के लोग हमारे अपने हैं और आज गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। उनके धर्माचरण में बाधा डाली जा रही है और मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और चिन्मय प्रभु को जल्द रिहा करने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि सोलहवीं सदी में नवद्वीप के श्री चैतन्य देव उर्फ निमाई के नेतृत्व में अविभाजित बंगाल में भक्ति आंदोलन का व्यापक प्रसार हुआ था। उनके कृष्ण प्रेम का संदेश आगे चलकर मानव प्रेम, अहिंसा और धार्मिक सद्भाव से जुड़ा। श्री चैतन्य देव ने अपने विचारों के माध्यम से हिंदू धर्म की उदार परंपरा को सामने रखा और लोगों को प्रेम तथा अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

इसी वैचारिक परंपरा से प्रेरित होकर इस्कॉन के संन्यासी दुनिया भर में धार्मिक सद्भाव और चैतन्य महाप्रभु के संदेशों का प्रसार करते रहे हैं। चिन्मय कृष्ण दास भी बांग्लादेश में सनातन धर्म से जुड़े संगठनों और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से इसी तरह के कार्य कर रहे थे। हालांकि, वर्ष 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद उन्हें देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनकी कानूनी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हाल ही में उन्हें एक जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया देते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय विषय जरूर है, लेकिन वहां रहने वाले हिंदू समुदायों के लोगों के साथ भारत का सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि वहां के लोग आज असुरक्षा और संकट का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने चिन्मय प्रभु की रिहाई की मांग दोहराते हुए कहा कि एक हिंदू संन्यासी के रूप में वह श्री चैतन्य देव के कार्यों और संदेशों को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे व्यक्ति को लंबे समय तक कैद में रखना और प्रताड़ित करना उचित नहीं है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story