मादक पदार्थों के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार, असम में 945 गिरफ्तार: अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
मादक पदार्थों के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार, असम में 945 गिरफ्तार: अमित शाह


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मादक पदार्थों के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करते हुए असम में चलाए गए अभियान के तहत 945 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 182 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और राज्य पुलिस की सराहना की।

शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि असम में लगातार चलाए जा रहे अभियान के दौरान 547 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा, मादक पदार्थों से जुड़े 703 संवेदनशील ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और करीब 31 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया चल रही है।

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त भारत के संकल्प के तहत मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करना, उनके वित्तीय आधार पर प्रहार करना और युवाओं को नशे से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह लड़ाई अटूट संकल्प के साथ जारी रहेगी।

शाह ने कहा कि मादक पदार्थ नियंत्रण संबंधी विजन दस्तावेज 2026-29 मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने, उनके आर्थिक आधार को कमजोर करने और युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराता है। असम में की गई कार्रवाई नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयासों का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story