सेशेल्स के राष्ट्रपति 5 से 10 फरवरी तक भारत दौरे पर

WhatsApp Channel Join Now
सेशेल्स के राष्ट्रपति 5 से 10 फरवरी तक भारत दौरे पर


नई दिल्ली, 02 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रही है।

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति हर्मिनी इस दौरान राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति हर्मिनी चेन्नई और मुंबई भी जाएंगे, जहां वह अपनी टीम के साथ व्यावसायिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा अक्टूबर 2025 में उपराष्ट्रपति के सेशेल्स दौरे के बाद हो रही है और इससे दोनों देशों के बीच सहयोग और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री पड़ोसी है। भारत के विजन 'सुरक्षा और विकास के लिए परस्पर एवं समग्र प्रगति, क्षेत्रों के पार' (महासागर) और ग्लोबल साउथ का हिस्सा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story