प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा
नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक बाइक यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। दोनों यात्राओं की शुरुआत 17 सितंबर की सुबह 9:30 बजे एक साथ होगी और 7 अक्टूबर को इनका समापन प्रस्तावित है।
भारतीय जनता पार्टी के अनुसार इस अभियान के तहत वडनगर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि और वाराणसी को उनकी कर्मभूमि के रूप में जोड़ते हुए दोनों दिशाओं में यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है।
यात्रा से जुड़े उपलब्ध विवरण के अनुसार, इसमें करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। दोनों दिशाओं में चलने वाली यात्राएं करीब 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेंगी। इस दौरान बाइक यात्रियों द्वारा लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय किए जाने की जानकारी सामने आई है।
यात्रा के दौरान सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत जैसे विषयों पर जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल बताए गए हैं।
वडनगर से वाराणसी जाने वाली यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
वहीं, वाराणसी से वडनगर जाने वाली यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इस यात्रा की खास बात यह है कि दोनों यात्राएं एक ही दिन विपरीत दिशाओं से शुरू होंगी। एक यात्रा वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर पहुंचेगी। इस तरह अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े दोनों प्रमुख स्थानों को प्रतीकात्मक रूप से जोड़ा जा रहा है।
यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। आयोजकों के अनुसार, अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़े सेवा और राष्ट्र निर्माण के संदेश को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

