अमृत उद्यान में मंगलवार को 10 हजार वरिष्ठ नागरिक करेंगे विशेष भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
अमृत उद्यान में मंगलवार को 10 हजार वरिष्ठ नागरिक करेंगे विशेष भ्रमण


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष पहल के तहत देशभर के लगभग 10 हजार वरिष्ठ नागरिक मंगलवार को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान की सुंदरता और शीतकालीन फूलों का आनंद लेने पहुंचेंगे।

मंत्रालय के अनुसार उद्यान आम तौर पर जनता के लिए खुला रहता है लेकिन 17 मार्च 2026 का दिन विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए आरक्षित किया गया है। इस भ्रमण का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को अमृत उद्यान की सुंदरता का अनुभव कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए मंत्रालय कई महत्वपूर्ण संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रहा है। इनमें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विभाग, दिल्ली पुलिस का वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान, अनुग्रह–क्षेत्रीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र और ब्रह्मा कुमारी संस्था शामिल है।

एनसीआर समेत देश के अलग-अलग कोनों से आने वाले बुजुर्गों के लिए मंत्रालय ने विशेष इंतजाम किए हैं। सुचारु भ्रमण सुनिश्चित करने के लिए परिवहन, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उद्यान के सुसज्जित लॉन और विविध औषधीय पौधों का अवलोकन करते समय वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उनके जीवन में सक्रिय सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story