लोक परंपराओं से सांस्कृतिक विरासत तक, उज्जैन में संग्रहालयों के भविष्य पर हुआ मंथन, विद्वानों ने साझा किए विचार

WhatsApp Channel Join Now
लोक परंपराओं से सांस्कृतिक विरासत तक, उज्जैन में संग्रहालयों के भविष्य पर हुआ मंथन, विद्वानों ने साझा किए विचार


- पद्मश्री सम्मानित जनजातीय कलाकारों ने साझा किए कला यात्रा के अनुभव

- लोक एवं जनजातीय संस्कृति, मौखिक परंपराओं और विरासत संरक्षण पर हुए चार अकादमिक सत्र

उज्जैन, 28 नवंबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उज्जेन जिले में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन 2026 के दूसरे दिन शनिवार को लोक एवं जनजातीय संस्कृति, मौखिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संग्रहालयों की बदलती भूमिका पर केंद्रित चार अकादमिक सत्र आयोजित किए गए। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास, भारतीय संग्रहालय संघ एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में आर्मेनिया की लोक परंपराओं से लेकर मालवा की सांस्कृतिक विरासत तक विविध विषयों पर विद्वानों ने विचार साझा किए।

इस दौरान ‘भारत वैभव – जनजातीय कला संवाद’ में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों भूरी बाई, दुर्गा बाई और भज्जू सिंह श्याम ने अपनी कला यात्रा के अनुभव साझा किए। मालवी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों से सांस्कृतिक संध्या सजी। सम्मेलन के अंतिम दिन 29 नवंबर को ‘महाकाल घोषणा पत्र’ जारी किया जाएगा, जो भविष्य के भारतीय संग्रहालयों के विकास की दिशा निर्धारित करेगा।

दूसरे दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रो. गायत्री नाथ पंत स्मृति व्याख्यान से हुआ। इस अवसर पर भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आनन्दवर्द्धन ने प्रो. गायत्री नाथ पंत के शोध एवं अकादमिक योगदान को स्मरण करते हुए भारतीय शस्त्र परंपरा के संबंध में उनके महत्त्वपूर्ण शोध कार्यों पर प्रकाश डाला। स्मृति व्याख्यान की प्रमुख वक्ता आर्मेनियाई इंडोलॉजिस्ट श्रीमती नैरा मर्केतचिन ने ‘आर्मेनियाई संग्रहालयों में लोक परंपराएं’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारत और आर्मेनिया की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के बीच विद्यमान समानताओं को रेखांकित करते हुए आर्मेनिया के संग्रहालयों में संरक्षित लोक परंपराओं और विभिन्न प्रदर्शनियों का सचित्र परिचय दिया।

लोक परंपराओं, मौखिक विरासत और संग्रहालयों की नई भूमिका पर हुआ विमर्श

सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें गोवा के लोक उत्सव, गोलू गुड़ियों की लोक अभिव्यक्ति, दार्जिलिंग की सामुदायिक सांस्कृतिक परंपराएं, लोक शिल्प के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, कालिदास के साहित्य में ऐतिहासिक एवं भौगोलिक ज्ञान, सुंदरवन की पारिस्थितिकी एवं लोक परंपराएँ, मौखिक विरासत का संग्रहालयीय प्रस्तुतीकरण, उत्तर बंगाल के पारंपरिक वाद्य यंत्र तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश की कजरी गायन परंपरा जैसे विषय प्रमुख रहे। थारू जनजाति के सांस्कृतिक संग्रहालय के विकास की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इसके साथ ही जनजातीय एवं लोक कला संग्रहालयों के संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के डिजिटल दस्तावेजीकरण, संग्रहालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग, लोक नाट्य परंपराओं तथा संग्रहालयों के विकास में सामुदायिक सहभागिता की भूमिका जैसे समकालीन विषयों पर भी विद्वानों ने विचार साझा किए। इन सत्रों की अध्यक्षता डॉ. आर.सी. ठाकुर, प्रो. प्रशांत पुराणिक, डॉ. रमन सोलंकी तथा दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्र ने की। सुमन दत्ता, आकांक्षा जोशी, मलय साहा, फाल्गुनी पाल, अनिंदिता साहा, निकिता जैकब, अमीजा जरीन, आदित्यप्रकाश कुंठ एवं एम. मरूदू पांडियां सहित अनेक विद्वानों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

पद्मश्री जनजातीय कलाकारों ने साझा किए कला यात्रा के अनुभव

सम्मेलन का विशेष आकर्षण ‘भारत वैभव – जनजातीय कला संवाद’ रहा। इसमें पद्मश्री सम्मानित जनजातीय कलाकार भूरी बाई, दुर्गा बाई और भज्जू सिंह श्याम के साथ वेंकट सिंह श्याम एवं आनन्द सिंह श्याम ने सहभागिता की। संवाद का संचालन राहुल रस्तोगी ने किया। कलाकारों ने जनजातीय कला की परंपराओं, उसके बदलते स्वरूप, सृजन की विविध अभिव्यक्तियों और वैश्विक स्तर पर जनजातीय कला को मिल रही पहचान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

पद्मश्री भज्जू सिंह श्याम ने कहा कि कला अपने समय और समकालीन संदर्भों के अनुरूप प्रयोगात्मक स्वरूप ग्रहण करती है। उन्होंने परंपरा और आधुनिकता के बीच कला के निरंतर संवाद को रेखांकित किया। पद्मश्री भूरी बाई ने अपनी कला यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार भारत भवन के माध्यम से उन्हें एक श्रमिक से प्रतिष्ठित कलाकार के रूप में पहचान मिली। उन्होंने लोक कला के विकास और उसे व्यापक पहचान दिलाने में प्रसिद्ध चित्रकार एम.एस. स्वामीनाथन के प्रयासों की भी सराहना की।

इस अवसर पर दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्र ने सामुदायिक कला के संरक्षण और उसके मूल सांस्कृतिक संदर्भों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भोपाल स्थित जनजातीय संग्रहालय की प्रदर्शनियों की सराहना करते हुए कहा कि संग्रहालय केवल कलाकृतियों के प्रदर्शन के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे समुदायों की स्मृति, ज्ञान, जीवन-दृष्टि और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं।

मालवी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों से सजी सांस्कृतिक संध्या

दूसरे दिन के अंतिम चरण में मालवा की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। इसमें मालवी लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को मालवा की सांस्कृतिक विविधता और लोक जीवन की जीवंत परंपराओं से परिचित कराया।

29 नवंबर को जारी होगी ‘महाकाल घोषणा पत्र’

सम्मेलन के अंतिम दिन 29 नवंबर को भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा ‘महाकाल घोषणा पत्र’ जारी किया जाएगा। भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष प्रो. आनन्दवर्द्धन के अनुसार, यह घोषणा पत्र भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित भविष्य के संग्रहालयों के निर्माण, विकास एवं संचालन के लिए संक्षिप्त दिशा-निर्देश प्रस्तुत करेगा। इसका उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक चेतना, ज्ञान परंपरा, लोक एवं जनजातीय विरासत तथा सामुदायिक सहभागिता को संग्रहालयों की अवधारणा और कार्यप्रणाली के केंद्र में स्थापित करना है। यह घोषणा पत्र भविष्य में भारतीय संग्रहालयों की दृष्टि, स्वरूप और विकास की दिशा निर्धारित करने में महत्त्वपूर्ण मार्गदर्शिका सिद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story