बीएसएनएल की सेवा आय पहली तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये हुई

WhatsApp Channel Join Now
बीएसएनएल की सेवा आय पहली तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये हुई


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सेवा आय में लगभग 10 प्रतिशत बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये हो गई है। अंतिम आंकड़े एक सप्ताह के भीतर जारी किए जाएंगे, लेकिन प्रारंभिक संकेतक कंपनी के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्शाते हैं।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को विज्ञान भवन में बीएसएनएल की रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि कंपनी के विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। एंटरप्राइज सेवाओं से होने वाली आय में वर्ष-दर-वर्ष 19.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह लगभग 1,700 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, उपभोक्ता मोबिलिटी सेवाओं से प्राप्त आय में लगभग 8.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो 1,680 से 1,700 करोड़ रुपये के बीच रही। उपभोक्ता फिक्स्ड एक्सेस सेवाओं से आय लगभग 950 करोड़ रुपये के स्तर पर स्थिर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि एंटरप्राइज कारोबार बीएसएनएल के लिए सबसे मजबूत क्षेत्र बनकर उभरा है। इस खंड में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 19 प्रतिशत तथा पिछली तिमाही की तुलना में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रमुख दूरसंचार सर्किलों में छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र और असम ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।

सिंधिया ने कहा कि राजस्व वृद्धि के साथ-साथ नेटवर्क गुणवत्ता सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीटीएस अपटाइम, औसत मरम्मत समय (एमटीटीआर) और ओएलटी अपटाइम जैसे नेटवर्क प्रदर्शन संकेतकों को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही, पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) योजनाओं को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बीएसएनएल का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि ग्राहकों को बेहतर और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। नेटवर्क विस्तार, सेवा गुणवत्ता और डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने के प्रयासों का असर अब कंपनी के वित्तीय परिणामों में भी दिखाई देने लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story