सारण में आम लोगों की तरह सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने दिया भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य
सारण, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था का महान पर्व छठ की गूंज इन दिनों पूरे देश और दुनिया में है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में जहा आम लोग सूर्य भगवान की आराधना में लीन रहता है, वहीं राजनीति के गलियारों से भी लोक आस्था की अनूठी और प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आती हैं।
इसी कड़ी में महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने एक बार फिर अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों का परिचय देते हुए लोक आस्था के इस महापर्व छठ को पूरी श्रद्धा, निष्ठा और समर्पण के साथ संपन्न कर रहे है। इस पावन अवसर पर उन्होंने अस्ताचल गामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश की सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की मंगल कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार न्यूज़ एजेंसी से बातचीत के दौरान सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने अपने जीवन से जुड़े छठ महापर्व के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से लगातार और नियमित रूप से छठ व्रत करते आ रहे हैं। उनके लिए यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान या औपचारिकता नहीं है, बल्कि अनुशासन, आत्मसंयम, पवित्रता और प्रकृति के प्रति अटूट विश्वास का एक जीवंत प्रतीक है।
सांसद सिग्रीवाल ने बातचीत के दौरान पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि उन्होंने जिस सादगी और निर्मल भाव के साथ अपने जीवन में पहली बार छठ पूजा की थी, आज भी वे उसी सादगी के साथ इस व्रत को करते हैं। सत्ता और राजनीतिक पद होने के बावजूद उनके जीवन में कोई दिखावा नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरी तन्मयता के साथ अपने पैतृक ग्राम बनियापुर प्रखंड के भूमियारा गांव से पैदल ही अपने माथे पर प्रसाद से भरा दौड़ा (बांस की टोकरी) उठाया और पारंपरिक तरीके से नदी घाट तक की यात्रा पूरी की। इसके बाद उन्होंने संध्या अर्घ्य दिया और कल प्रातःकालीन अर्घ्य देकर भगवान भास्कर की विधिवत आराधना करेंगे।
बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि एक सांसद और जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे छठ महापर्व के इन चार दिनों में अपने सारे राजनीतिक प्रोटोकॉल और प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से दरकिनार कर देते हैं। उन्होंने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को भी यह स्पष्ट निर्देश दे रखे होते हैं कि इन पावन दिनों में उन्हें पूरी तरह शालीन और आम नागरिक की तरह रहना है, ताकि किसी भी अन्य व्रती या आम इंसान को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
घाट पर पहुंचने पर वे किसी वीआईपी की तरह नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवेश के एक सामान्य और समर्पित व्रती की भूमिका में नजर आते हैं। वर्षों पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हुए वे ग्रामीण परिवेश में पूरी विधि-विधान के साथ इस कठिन व्रत को पूरा करते हैं।
अंत में उन्होंने बताया कि किसी भी कठिन व्रत को अनुशासन के साथ पूरा करने में परिवार की भूमिका अहम होती है। सांसद सिग्रीवाल बताते हैं कि इस व्रत में उनका पूरा परिवार तन-मन से सहयोग करता है। यही नहीं, उनके परिवार के अन्य सदस्य भी इस पावन पर्व पर छठ व्रत रखते हैं, जिससे पूरे घर का माहौल पूरी तरह से आध्यात्मिक हो जाता है।
ग्रामीण परिवेश और पारंपरिक संस्कृति के बीच रहकर जिस प्रकार वे पिछले तीन दशकों से इस व्रत को निभा रहे हैं, वह समाज के लिए एक बड़ा संदेश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

