संजीव जैन दक्षिण कोरिया में भारत के अगले राजदूत नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी संजीव जैन को दक्षिण कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार संजीव जैन (बैच 2008) वर्तमान में केप वर्डे में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। वे शीघ्र ही दक्षिण कोरिया में अपना नया दायित्व संभालेंगे। इस पद पर वे वर्तमान राजदूत गौरंगलाल दास का स्थान लेंगे।

संजीव जैन के पास विदेश सेवा में संसदीय कार्य, प्रशासन, वाणिज्य दूतावास, प्रेस एवं जनसंपर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहयोग, संस्कृति, प्रवासी भारतीय मामलों, व्यापार और वाणिज्य सहित विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने दुबई, पेरिस, कैंडी, बर्लिन, टोक्यो और ओसाका स्थित भारतीय मिशनों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

केप वर्डे में नियुक्ति से पहले वे विदेश मंत्रालय में आसियान देशों से जुड़े प्रभाग में कार्यरत थे। इसके अलावा, वे गोवा में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सहित कई बहुपक्षीय सम्मेलनों के आयोजन से भी जुड़े रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story