संगीत नाटक अकादमी ने फ़ेलोशिप और पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। दिल्ली स्थित संगीत नाटक अकादमी की जनरल काउंसिल ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए प्रतिष्ठित 'संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप' (अकादमी रत्न), 'संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार' (अकादमी पुरस्कार) और 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' विजेताओं के नामों की घोषणा की।

राजधानी में 22-26 मार्च 2026 तक आयोजित की गई जनरल काउंसिल की बैठक में देश के शीर्ष और उभरते कलाकारों को इस सम्मान के लिए सर्वसम्मति से चुना गया।

जनरल काउंसिल ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए विभिन्न कला विधाओं से जुड़े 108 कलाकारों को 'संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार' के लिए चुना है। इनमें संगीत, नृत्य, रंगमंच के कलाकार, पारंपरिक, लोक, आदिवासी संगीत, नृत्य, थिएटर तथा कठपुतली कला के विशेषज्ञ, प्रदर्शन कला के क्षेत्र में समग्र योगदान और स्कॉलरशिप देने वाले विद्वान शामिल हैं। ये सभी कलाकार भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आते हैं, जो देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और कला रूपों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाने वाले 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' के लिए वर्ष 2024 और 2025 के तहत 106 युवा कलाकारों का चयन किया गया है। यह पुरस्कार संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष द्वारा एक विशेष गरिमामयी समारोह में प्रदान किए जाएंगे। ये सम्मान केवल उत्कृष्टता और उपलब्धि के उच्चतम मानक का प्रतीक हैं बल्कि निरंतर व्यक्तिगत कार्य और योगदान को भी मान्यता देते हैं।

अकादमी फेलो के सम्मान के साथ 3 लाख रुपये का नकद और अकादमी पुरस्कार में एक लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है। साथ ही एक ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम भी दिया जाता है।

उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार में 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के अलावा एक ताम्रपत्र और एक अंगवस्त्रम दिया जाता है।

नाटक अकादमी फ़ेलोशिप और पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से एक विशेष अलंकरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप (अकादमी रत्न) कला जगत का एक अत्यंत प्रतिष्ठित और दुर्लभ सम्मान माना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story