तेलंगाना: लेबोरेटरी में गैस रिसाव से दो श्रमिकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेलंगाना: लेबोरेटरी में गैस रिसाव से दो श्रमिकों की मौत


हैदराबाद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के सारका लेबोरेटरीज लिमिटेड नामक फार्मास्युटिकल यूनिट में शुक्रवार तड़के गैस रिसाव के कारण दो श्रमिकों की मौत हो गई।

यह हादसा जिन्नाराम मंडल के गड्डापोथाराम औद्योगिक क्षेत्र स्थित सारका उद्योग यूनिट में हुआ। गैस रिसाव के बाद दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुदर्शन और बालाजी के रूप में हुई है। शुरुआती जाँच से पता चला है कि दोनों श्रमिक आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे।

घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। रिसाव की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एसपी पारितोष पंकज ने बताया कि जांच में रिसाव के कारणों के साथ-साथ सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप कारखाने द्वारा उठाए गए सुरक्षात्मक उपायों को भी देखा जाएगा।

पीड़ित परिवारों और मजदूर यूनियनों ने गहन जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है।

पूर्व मंत्री टी. हरीश राव ने कथित सुरक्षा उल्लंघनों पर कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की गुहार लगाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story