समरदुंग सुरंग हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री तमांग से की टेलीफोन पर बात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन
गंगटोक, 21 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम के नाम्ची जिले के झोलुंगे अंतर्गत समरदुंग में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से टेलीफोन पर बातचीत कर घटना की स्थिति तथा जारी बचाव अभियान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित श्रमिकों तथा उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करने के साथ ही सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की चिंता, संवेदनशीलता और सहयोग की प्रतिबद्धता ने इस कठिन समय में सिक्किम के लोगों को बड़ा संबल और विश्वास प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए), जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, रंगपो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की चिकित्सा टीम तथा स्थानीय समुदाय आपसी समन्वय के साथ बचाव अभियान को सफल बनाने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में लगातार जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री तमांग ने सिक्किम की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में उनका सहयोग, संवेदनशीलता और राज्य के प्रति एकजुटता अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सिक्किम प्रधानमंत्री के निरंतर मार्गदर्शन तथा भारत सरकार के सहयोग और प्रतिबद्धता के लिए सदैव आभारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण सिक्किम के समरदुंग स्थित एनएचपीसी के एक सुरंग में कथित गैस रिसाव और सुरंग में मलवा गिरने के बाद अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

