सैम डैलरिम्पल ने जीता कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज 2026
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। लेखक सैम डैलरिम्पल को उनकी चर्चित पुस्तक ‘शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया’ के लिए कमलादेवी चट्टोपाध्याय न्यू इंडिया फाउंडेशन (एनआईएफ) बुक प्राइज 2026 का विजेता घोषित किया गया है। हार्पर कॉलिन्स के फोर्थ एस्टेट इम्प्रिंट से प्रकाशित इस पुस्तक में ब्रिटिश भारत के पांच विभाजनों और आधुनिक दक्षिण एशिया की सीमाओं, राजनीति एवं पहचान के निर्माण पर उनके प्रभावों का विश्लेषण किया गया है।
न्यू इंडिया फाउंडेशन की ओर से घोषित इस पुरस्कार के तहत विजेता लेखक को 15 लाख रुपये की नकद राशि, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह 12 दिसंबर को बंगलौर लिटरेचर फेस्टिवल के 15वें संस्करण में आयोजित होगा।
जूरी ने ‘शैटर्ड लैंड्स’ को भारतीय उपमहाद्वीप को आकार देने वाली ऐतिहासिक और राजनीतिक शक्तियों की गहन पड़ताल के लिए सराहा है। पुस्तक में लेखक ने ब्रिटिश साम्राज्य के अंत की कहानी को केवल 1947 के भारत विभाजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि बर्मा से लेकर अदन तक हुए पांच बड़े विभाजनों और उनके दूरगामी प्रभावों को सामने रखा है।
जूरी के प्रशस्ति-पत्र में कहा गया कि सैम डैलरिम्पल ने गहन शोध और प्रभावशाली कहानी कहने की शैली के माध्यम से ऐसे क्षेत्र का इतिहास जीवंत किया है, जो राजनीतिक सीमाओं से बंटा होने के बावजूद साझा इतिहास से जुड़ा हुआ है। पुस्तक विभाजन और उसके व्यापक प्रभावों को समझने के लिए एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।
वर्ष 2026 के पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट का चयन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने किया। इसमें टाटा संस एवं टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, राजनीतिक वैज्ञानिक और जूरी अध्यक्ष नीरजा गोपाल जयाल, ट्राइलीगल के पार्टनर राहुल माथन, विज्ञान इतिहासकार जाह्नवी फालके, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, भारत की पूर्व विदेश सचिव निरुपमा राव और उद्यमी मनीष सभरवाल शामिल थे।
इस वर्ष पुरस्कार के लिए पांच पुस्तकों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इनमें नारायणी बसु की पुस्तक ए मैन फ़ॉर ऑल सीजंस: द लाइफ ऑफ के.एम. पणिक्कर। सैम डैलरिम्पल की शैटर्ड लैंड्स: फ़ाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया। रोहित डे एवं ऑर्नित शानी की असेम्बलिंग इंडिया'ज कॉन्स्टीट्यूशन: ए न्यू डेमोक्रेटिक हिस्ट्री। सुमना रामानन की द सीक्रेट मास्टर: अरुण काशलकर एंड ए जर्नी टू द ऐज ऑफ़ म्यूजिक और अरविंद सुब्रमण्यम एवं देवेश कपूर की ए सिक्स्थ ऑफ़ ह्यूमैनिटी: इंडिपेंडेंट इंडिया'ज डेवलपमेंट ऑडिसी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि न्यू इंडिया फाउंडेशन देश के इतिहास, समाज और समकालीन भारत से जुड़े गंभीर शोध एवं लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए काम करता है। इसके तीन प्रमुख कार्यक्रमों में एनआईएफ बुक फेलोशिप, अनुवाद फेलोशिप और कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

