अकाली दल की राजग में वापसी, पंजाब के विकास को मिलेगी नई गति: मोदी

WhatsApp Channel Join Now
अकाली दल की राजग में वापसी, पंजाब के विकास को मिलेगी नई गति: मोदी


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सर्वोपरि रखने वाला यह स्वाभाविक गठबंधन राज्य में जनहितैषी शासन सुनिश्चित करेगा और उसे प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर अकाली दल की राजग में वापसी को विशेष बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल राजग परिवार में लौट रहा है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन।

प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारा गठबंधन स्वाभाविक है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब में जनहितैषी शासन हो और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।” उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण गठबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मोदी ने अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पुराने गठबंधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गठबंधन को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और शिरोमणि अकाली दल के दिवंगत नेता सरदार प्रकाश सिंह बादल ने आगे बढ़ाया था। यह गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि अकाली दल और भाजपा का यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में अकाली दल और भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों को भी टैग किया।

उल्लेखनीय है कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का लंबे समय तक राजनीतिक गठबंधन रहा है। कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने सितंबर 2020 में राजग से नाता तोड़ लिया था। अब दोनों दलों के फिर साथ आने को पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story